नई दिल्ली: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाईवे यूजर्स की लंबी शिकायतों को दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। 1 फरवरी 2026 से कार, जीप और वैन कैटेगरी की नई गाड़ियों के लिए जारी होने वाले फास्टैग पर Know Your Vehicle (KYV) प्रक्रिया पूरी तरह खत्म हो जाएगी। अब फास्टैग एक्टिवेट होते ही बिना किसी अतिरिक्त वेरिफिकेशन के टोल प्लाजा पर सुचारू रूप से इस्तेमाल किया जा सकेगा।

पहले फास्टैग जारी होने के बाद भी KYV पूरा न होने पर टोल पर डबल चार्ज या ब्लॉक होने की समस्या आती थी, भले दस्तावेज वैध हों। इस बदलाव से लाखों वाहन मालिकों को पोस्ट-एक्टिवेशन की झंझट से मुक्ति मिलेगी। अच्छी खबर यह है कि मौजूदा फास्टैग यूजर्स (कार कैटेगरी) के लिए भी KYV अब रूटीन नहीं रहेगा कोई शिकायत न होने पर इसे कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

हालांकि, दुरुपयोग या गलत जारी होने की शिकायत पर KYV अभी भी लागू किया जा सकता है। सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए NHAI ने जारी करने वाले बैंकों पर प्री-एक्टिवेशन वेरिफिकेशन सख्त कर दिया है। अब VAHAN डेटाबेस से वाहन डिटेल्स का अनिवार्य सत्यापन करना होगा, ताकि गलत फास्टैग जारी होने की गुंजाइश ही न रहे। ऑनलाइन खरीदे फास्टैग पर भी यही नियम लागू होंगे।यह सुधार फास्टैग इकोसिस्टम को और यूजर-फ्रेंडली, पारदर्शी और शिकायत-मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हाईवे यात्रियों के लिए टोल भुगतान अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और बिना रुकावट वाला हो जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *