ढाका: भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में आई तल्खी अब खुलकर सामने आ गई है। बांग्लादेश सरकार ने IPL 2026 सीजन के सभी मैचों के प्रसारण, प्रचार और कवरेज पर तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन रोक लगा दी है। यह फैसला बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज करने के BCCI के निर्देश के बाद लिया गया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में कहा गया है कि BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL 2026 (26 मार्च से शुरू) से बाहर करने का निर्देश दिया, बिना कोई तार्किक कारण बताए। यह फैसला बांग्लादेश की जनता को “दुखी, आहत और क्रोधित” करने वाला है। इसलिए, “जनहित में” IPL के सभी कार्यक्रमों का प्रसारण रोका जा रहा है।
दरअसल, दिसंबर में हुए मिनी-ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन हाल के “विकास” (बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की रिपोर्ट्स) को देखते हुए BCCI ने फ्रैंचाइजी को उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया। KKR ने इसका पालन किया और रिप्लेसमेंट प्लेयर की अनुमति भी मांगी।
यह विवाद यहीं नहीं रुका। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी ICC से अपील की है कि फरवरी में शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके सभी मैच भारत से बाहर (श्रीलंका में) कराए जाएं, सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर।2008 से IPL का बांग्लादेश में प्रसारण हो रहा था और यह पहली बार है जब किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पर वहां रोक लगी है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि IPL वहां काफी लोकप्रिय है। अब देखना यह है कि यह तनाव क्रिकेट संबंधों को कितना प्रभावित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *