रायपुर: खरीफ विपणन सीजन 2025-26 में छत्तीसगढ़ के दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों को बड़ा तोहफा मिला है। केंद्र सरकार ने मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत राज्य में इन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी।
इस स्वीकृति के तहत कुल लगभग 55,510 मीट्रिक टन फसलों की खरीद होगी:
- तुअर (अरहर): 21,330 मीट्रिक टन
- उड़द: 25,530 मीट्रिक टन
- मूंग: 240 मीट्रिक टन
- सोयाबीन: 4,210 मीट्रिक टन
- मूंगफली: 4,210 मीट्रिक टन
यह खरीद PSS योजना के अंतर्गत होगी, जिससे किसानों को अपनी उपज का पूरा और उचित दाम मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने पत्र में कहा कि इस फैसले से किसान औने-पौने दाम पर फसल बेचने को मजबूर नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। राज्य सरकार समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करेगी, ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिले।” उन्होंने जोड़ा कि इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, दलहन-तिलहन का उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।यह फैसला प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) का हिस्सा है, जो किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाता है। राज्य में खरीद की जिम्मेदारी मार्कफेड को सौंपी गई है, जो सहकारी समितियों के माध्यम से काम करेगा।


Leave a Reply