बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मोपका क्षेत्र के प्रमुख बिजली सबस्टेशन में अचानक भयानक आग भड़क उठी। करीब 25 साल पुराने इस 480 मेगावॉट क्षमता वाले सबस्टेशन से उठती ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर तक नजर आ रहा था, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू की। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। इस सबस्टेशन से शहर के बड़े हिस्से को करीब 320 मेगावॉट बिजली सप्लाई होती है। सुरक्षा के मद्देनजर आग लगते ही आधे शहर की बिजली काट दी गई, जिससे सरकंडा, चाटीडीह, सीपत, खमरिया सहित 10-12 सबस्टेशनों की आपूर्ति ठप हो गई। अचानक ब्लैकआउट से घरों, दुकानों, ऑफिसों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से सड़कें जाम हो गईं और जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
बिजली विभाग के अधिकारी वैकल्पिक रूट्स से कनेक्शन जोड़कर जल्द बिजली बहाली की कोशिश में जुटे हैं। फिलहाल दमकल टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से धैर्य रखने और सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।यह घटना शहर की बिजली व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करती है, जहां एक सबस्टेशन की खराबी से इतना बड़ा असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *