चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में गहरी पैठ बना चुके गैंगस्टरों और नशा नेटवर्क के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह नशों के खिलाफ युद्ध छेड़ा गया, उसी तर्ज पर अब पूरे पंजाब से सभी गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क का पूरी तरह सफाया किया जाएगा।केजरीवाल ने पंजाब की हालिया ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों का उदाहरण देते हुए अपनी सरकार की ईमानदारी पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार के चार साल पूरे होने के बाद हुए इन चुनावों में कोई जबरदस्ती या गुंडागर्दी नहीं हुई। नतीजा यह रहा कि 600 से ज्यादा सीटें ऐसी रहीं जहां उम्मीदवार महज 100 से कम वोटों से जीते। इनमें से 350 से अधिक सीटें विपक्षी दलों ने जीतीं। कई जगह कांग्रेस या अकाली दल के उम्मीदवार सिर्फ एक वोट के अंतर से विजयी हुए। क्या कभी सुना है कि सत्ताधारी पार्टी का उम्मीदवार एक वोट से हार जाए?”
उन्होंने पुरानी व्यवस्था की याद दिलाते हुए कहा कि पहले पंचायत चुनावों में सत्ताधारी दल बूथ कैप्चरिंग और धांधली से जीत हासिल करते थे। “2013 और 2018 के पंचायत चुनावों में बड़े पैमाने पर गुंडागर्दी हुई, लेकिन इस बार हमने सत्ता का दुरुपयोग नहीं किया। अगर चाहते तो एसडीएम को बुलाकर अपने उम्मीदवार को जितवा सकते थे या एक-दो वोट इधर-उधर कर सकते थे, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया।”पंजाब की ज्वलंत समस्याओं पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने अन्य पार्टियों पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने कहा, “नशा कौन फैला रहा है? हर बड़ी पार्टी के रिश्तेदार—चाचा, भाई या दामाद—नशा बेच रहे हैं, गैंग चला रहे हैं और अपराध में लिप्त हैं। वे खुलेआम गैंगस्टरों को चुनाव टिकट देते हैं। हम ऐसा नहीं करने आए हैं। आप पार्टी राजनीति को साफ करने, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए बनी है।”
अपने ऊपर हुए हमलों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, “हमने अपनी जान जोखिम में डाल दी है, सब कुछ त्याग दिया है। मुझे जेल भेजकर सोचा गया कि मैं चुप हो जाऊंगा, लेकिन बाहर आकर मैं और जोर से बोल रहा हूं। हम इस गंदे सिस्टम को बदलने और पंजाब को पूरी तरह साफ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” केजरीवाल का यह बयान पंजाब में आप सरकार के अपराध और नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *