रायपुर : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दो होम मैच अब नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। 12 साल बाद रायपुर में आईपीएल का रोमांच लौट रहा है, और इस बार डिफेंडिंग चैंपियन RCB की टीम यहां मैदान में उतरेगी।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद इसकी पुष्टि की है। RCB के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन और BCCI के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की, जहां उन्होंने RCB का जर्सी भेंट किया और मैच आयोजन पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया, जिसके बाद RCB ने रायपुर में दो मैच कराने की हामी भर दी।यह फैसला इसलिए भी खास है क्योंकि RCB अपने पारंपरिक होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से बाहर खेल रही है (पिछले साल की ट्रॉफी सेलिब्रेशन में हुई घटना के बाद सुरक्षा कारणों से)। रिपोर्ट्स के मुताबिक, RCB के कुल 7 होम मैचों में से 5 नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में होंगे, जबकि 2 मैच रायपुर को मिले हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए कहा कि ये मैच छत्तीसगढ़ के युवाओं में खेल के प्रति जोश भरेंगे, राज्य की खेल सुविधाओं को और मजबूत करेंगे और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान देंगे। रायपुर पहले भी दिल्ली कैपिटल्स का होम वेन्यू रहा है, जहां 6 आईपीएल मैच हो चुके हैं, लेकिन अब RCB की मौजूदगी से यहां का माहौल और गर्म होने वाला है।क्रिकेट फैंस के लिए ये सुनहरा मौका है – विराट कोहली, राजत पाटीदार जैसी स्टार्स को घरेलू मैदान पर देखने का! IPL 2026 में रायपुर का स्टेडियम ‘होम ऑफ RCB’ का हिस्सा बनकर इतिहास रचेगा।


Leave a Reply