कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को रफ्तार देने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीन दिवसीय दौरे पर राज्य का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा संगठन की मजबूती, जमीनी स्थिति और चुनावी रणनीति की गहन समीक्षा की। शाह ने कार्यकर्ताओं के सामने स्पष्ट लक्ष्य रखा कि 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा दो-तिहाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी।

बिहार चुनाव की सफलता से प्रेरित भाजपा अब बंगाल में सत्ता परिवर्तन के लिए पूरी ताकत लगा रही है। शाह ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी मुद्दों को भी स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि प्रचार में मुख्य फोकस इन मुद्दों पर रहे:

घुसपैठ की समस्या: शाह ने इसे सबसे बड़ा मुद्दा बताया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण की राजनीति के कारण घुसपैठ पर नरम रुख अपनाती है। भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। सीमा पर इतनी मजबूत ग्रिड बनेगी कि “परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा“।

भ्रष्टाचार और कुशासन: तृणमूल सरकार पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि कई मंत्री और नेता जेल जा चुके हैं। केंद्र की योजनाओं में भी “टोल सिंडिकेट” चल रहा है, जिससे विकास रुका हुआ है।

सोनार बांग्ला का सपना: शाह ने इसे सिर्फ नारा नहीं, बल्कि विजन बताया। भाजपा सरकार बनने पर बंगाल का गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और विकास बहाल किया जाएगा। रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार किया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद: संदेशखाली, आरजी कर जैसे मामलों का जिक्र कर शाह ने कहा कि तृणमूल शासन में महिलाएं असुरक्षित हैं। बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।

शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब रक्षात्मक नहीं, आक्रामक रणनीति अपनाई जाए। घर-घर जाकर मौजूदा हालात और बंगाल के गौरवशाली अतीत की तुलना जनता के सामने रखें। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन की तैयारियां जांचीं और सांसदों, विधायकों, पार्षदों तथा आरएसएस पदाधिकारियों से अलग-अलग बैठकें कीं।इस दौरे से भाजपा ने साफ संदेश दे दिया है कि 2026 में बंगाल में सत्ता परिवर्तन तय है। शाह ने विश्वास जताया कि अप्रैल 2026 के बाद भाजपा सरकार बनते ही राज्य में विकास की गंगा बहेगी और घुसपैठ-भ्रष्टाचार का अंत होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *