रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में दिव्यांगजनों की समस्याओं को न केवल सुना, बल्कि संवेदनशीलता से त्वरित समाधान भी प्रदान किया। इस दौरान कई जरूरतमंदों को बैटरी चालित ट्राइसिकल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी की चमक लौट आई।यह कार्यक्रम एक बार फिर साबित करता है कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों के साथ खड़ी है। संवेदनशील प्रशासन के जरिए समस्याओं का त्वरित निपटारा कर सरकार लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
आरंग निवासी भारत साहू को बैटरी चालित ट्राइसिकल मिलने पर वे भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “अब मुझे आने-जाने के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पहले दूसरों की उपलब्धता पर ही बाहर निकल पाता था, लेकिन अब मैं आत्मनिर्भर हूं।” इसी तरह खमतराई (रायपुर) के जीवन दास मानिकपुरी, जो बचपन से पोलियो से पीड़ित हैं, को भी ट्राइसिकल प्रदान की गई। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि अब उनका दैनिक जीवन बहुत आसान हो जाएगा।
मोवा निवासी चंदू यादव को ट्राइसिकल और सुमन साहू को व्हीलचेयर मिली, जबकि रायपुर के सागर नायक और उमेश पटेल को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। सागर ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे श्रवण यंत्र नहीं खरीद पा रहे थे, लेकिन CM साय ने तुरंत मदद की। उमेश पटेल ने कहा, “अब मुझे फिर से सुनाई देगा, इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी का आभारी हूं।”


Leave a Reply