महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों की शातिराना चाल को नाकाम कर दिया। जान बचाने वाली एंबुलेंस को तस्करों ने गांजा तस्करी का माध्यम बना लिया था। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका पर मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक एंबुलेंस को रोका, जिसमें गुप्त चैंबर से 5 क्विंटल 20 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। इसकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है।गहन तलाशी में एंबुलेंस से फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं, जिनमें ओडिशा पासिंग वाली प्लेट फर्जी पाई गई। तस्कर चेकिंग से बचने के लिए नंबर प्लेट बदलते थे।
पुलिस ने महाराष्ट्र के तीनों आरोपियों – सागर बाघ, सुशील तावड़े और संजू अहीरे – को मौके से गिरफ्तार कर लिया।प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि गांजा ओडिशा से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। तीनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि यह बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा है और आगे जांच में और खुलासे हो सकते हैं।इस तरह की तस्करी के मामलों में एंबुलेंस का इस्तेमाल तस्करों की नई चाल है, जो पुलिस चौकसी से बचने के लिए जीवनरक्षक वाहनों का दुरुपयोग कर रहे हैं।


Leave a Reply