रायपुर: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आगाज आज 1 जनवरी 2026 से हो गया है। ये परीक्षाएं 20 जनवरी तक चलेंगी। मंडल ने सख्त हिदायत दी है कि प्रैक्टिकल में गैरहाजिर रहने वाले छात्र-छात्राओं को किसी भी हालत में दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि प्रैक्टिकल परीक्षाएं केवल मंडल द्वारा नियुक्त बाहरी परीक्षकों की मौजूदगी में ही आयोजित की जाएंगी।
स्कूलों को स्वयं बाहरी परीक्षक नियुक्त करने की इजाजत नहीं है। नियमों की अवहेलना पर परीक्षा रद्द की जा सकती है।स्कूल प्रधान अपनी सुविधानुसार परीक्षा की तारीख और समय निर्धारित कर सकते हैं, लेकिन सभी छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी होगी। आंतरिक परीक्षक के रूप में संबंधित विषय के शिक्षक ही नियुक्त किए जाएंगे।
वहीं, प्रोजेक्ट वर्क के लिए मंडल बाहरी परीक्षक नहीं भेजेगा।मंडल ने चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान अधिकारी अचानक निरीक्षण कर सकते हैं। इसलिए स्कूलों को पूर्ण पारदर्शिता और गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रैक्टिकल के लिए पिछले वर्षों की बची उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग किया जाएगा, जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर इंतजाम करने को कहा गया है।छात्रों से अपील है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, क्योंकि यह मौका खोने पर बोर्ड परीक्षाओं पर असर पड़ सकता है।


Leave a Reply