प्रयागराज : माघ मेला 2026 में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को सम्मान देते हुए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। मेला क्षेत्र में चार विशेष टूरिस्ट सेंटर स्थापित किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं को सांस्कृतिक-धार्मिक जानकारी के साथ-साथ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में मदद करेंगे। यह मेला 3 जनवरी से शुरू होकर करीब 45 दिनों तक चलेगा, जिसमें अनुमानित 12 से 15 करोड़ श्रद्धालु संगम स्नान के लिए पहुंचेंगे। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं को मौसम अपडेट, प्रयागराज की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत की जानकारी, आपातकालीन गाइडलाइन, मेडिकल और मिसिंग पर्सन सुविधाओं के बारे में मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही बस, ट्रेन और फ्लाइट की यात्रा जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष फोकस: मेले में दो स्थायी अस्पताल और 12 प्राथमिक चिकित्सा चौकियां बनाई गई हैं, जहां 24 घंटे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे। डिजिटल सुविधाओं से ऑनलाइन टिकट, भुगतान और जानकारी आसानी से मिलेगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “ये सेंटर गाइडेड टूर पैकेज, सुरक्षित वेटिंग एरिया, पीड़ित सहायता काउंटर और परिवार मार्गदर्शन केंद्र से लैस हैं। हमारा लक्ष्य श्रद्धालुओं की यात्रा को यादगार और परेशानी मुक्त बनाना है।” माघ मेला 2026 प्रशासन की इन तैयारियों से आस्था और आधुनिकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा—जहां करोड़ों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पवित्र स्नान कर सकेंगे।


Leave a Reply